पाकुड़ संवाददाता। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिला सचिव मो. जहांगीर अंसारी ने अमड़ापाड़ा बाजार स्थित वर्षों से बंद पड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर उपायुक्त महोदया को आवेदन सौंपा। आवेदन में अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा, महिला एवं पुरुष चिकित्सक, नर्स, कंपाउंडर तथा एंबुलेंस की व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में संचालित होने के कारण अमड़ापाड़ा बाजार एवं आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को विशेषकर रात के समय इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल मरीजों तथा गंभीर रूप से बीमार लोगों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
साथ ही, संसाधनों की कमी को देखते हुए बीजीआर माइनिंग एवं डीबीएल के सीएसआर फंड से अस्पताल को पुनः चालू कराने की मांग भी की गई है।
मोर्चा के वरिष्ठ नेता मार्क बास्की ने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। इस दौरान जिला महासचिव इलियास हांसदा एवं समाजसेवी मो. आरिफ आलम भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष अमड़ापाड़ा मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क के शीघ्र निर्माण/मरम्मत की मांग भी मौखिक रूप से रखी। ग्रामीणों ने भी अस्पताल को पुनः चालू कराने और मुख्य सड़क के निर्माण की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि इन दोनों समस्याओं के समाधान से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।