पाकुड़ (संवाददाता):
पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मुफ्फसिल थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि नाबालिग लड़की के साथ चार लोगों द्वारा घटना को अंजाम देने का आरोप है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।