लातेहार, 04 जून 2026:दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के टुबेद कोयला खान, लातेहार के निगम सामाजिक दायित्व (CSR) विभाग द्वारा गुरुवार को होटल सेलिब्रेशन इन, लातेहार में ग्रामीण विकास सलाहकार समिति (Village Development Advisory Committee – VDAC) की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परियोजना प्रभावित परिवारों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, जिला प्रशासन एवं डीवीसी के बीच समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के समग्र एवं सतत विकास को गति देना था।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि अमलेश कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रभात कुमार गुप्ता, पंचायत प्रतिनिधिगण, स्थानीय ग्रामीण प्रतिनिधि तथा डीवीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में CSR विभाग द्वारा उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए VDAC के गठन के उद्देश्य एवं इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि VDAC, परियोजना क्षेत्र में संचालित प्रारंभिक सामुदायिक विकास (ICD), पुनर्वास कार्ययोजना (RAP) एवं CSR गतिविधियों की योजना, क्रियान्वयन तथा निगरानी में स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु एक महत्वपूर्ण मंच है।
बैठक के दौरान परियोजना प्रभावित एवं आसपास के गांवों में संचालित विभिन्न CSR गतिविधियों की समीक्षा की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, खेलकूद प्रोत्साहन, आजीविका संवर्धन एवं आधारभूत संरचना विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई रचनात्मक सुझाव भी दिए।
जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। साथ ही स्थानीय युवाओं के कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के सुझाव भी सामने आए।
जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने डीवीसी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए समुदाय की सहभागिता को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि VDAC की बैठकों का नियमित आयोजन कर विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा प्राप्त सुझावों को आगामी CSR योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक समान रूप से पहुंचे, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग, महिलाओं एवं अन्य वंचित समूहों को प्राथमिकता दी जाए।
अंत में डीवीसी प्रबंधन ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों को आगामी CSR एवं सामुदायिक विकास योजनाओं में समुचित स्थान दिया जाएगा।
बैठक का समापन क्षेत्र के समावेशी, संतुलित एवं सतत विकास हेतु सभी हितधारकों की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ।