तेनुघाट अधिवक्ता संघ के पुस्तकालय भवन में गुरु सारथी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में महा मेडिकल मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा, महासचिव वकील प्रसाद महतो, प्रोग्राम सहयोगी अभिषेक मिश्रा, फाउंडेशन के डायरेक्टर मो. अजमल अंसारी एवं उपाध्यक्ष मोहम्मद रेहान अंसारी की अहम भूमिका रही।
मेडिकल मेले में मेदांता अस्पताल रांची की डॉक्टर प्रतिमा कुमारी के साथ आदित्य राज एवं उनकी टीम, जनता अस्पताल पेटरवार के डॉक्टर जेड आलम एवं उनकी टीम तथा गोमिया से इकबाल मुस्तफा के नेतृत्व में आंख जांच टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की।
मेदांता रांची की टीम ने करीब 84 लोगों, जनता अस्पताल पेटरवार की टीम ने 45 लोगों तथा आंख जांच टीम ने 93 लोगों की जांच की। इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर समेत कई अन्य स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए।
मेडिकल मेले में तेनुघाट अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं समेत अन्य लोगों ने भी स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। जांच के बाद अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से आसानी से चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच कराने का अवसर मिलता है और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।