कोटालपोखर संवाददाता। शराब तस्करी में शामिल लोग तस्करी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हावड़ा-गया एक्सप्रेस (13023) में शौचालय की छत में गुप्त तहखाना बनाकर बीयर छिपाकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए गुप्त स्थान से 500 एमएल के 40 केन बडवाइजर मैग्नम बीयर बरामद किए हैं। बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब छह हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, बरहड़वा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि हावड़ा-गया एक्सप्रेस के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर आरपीएफ जवान बरहड़वा स्टेशन पर ट्रेन में सवार हुए और विभिन्न बोगियों में जांच शुरू की।
तीनपहाड़ स्टेशन के समीप एस-3 कोच की जांच के दौरान जवानों को शौचालय के गेट के ऊपर छत में लगे प्लाईवुड पैनल पर संदेह हुआ। पैनल को खोलने पर उसके अंदर एक गुप्त स्थान बना मिला। इसी गुप्त तहखाने से बीयर के 40 केन बरामद किए गए।
आरपीएफ ने बरामद बीयर को तीनपहाड़ स्टेशन पर जब्त कर लिया। इसके बाद जब्त शराब को आरपीएफ पोस्ट बरहड़वा लाया गया। मामले में अग्रेतर कार्रवाई के लिए आरपीएफ ने उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सूचना दी है।
बताया गया कि हावड़ा-गया एक्सप्रेस रात 1:32 बजे बरहड़वा से रवाना हुई और करीब 1:46 बजे तीनपहाड़ स्टेशन पहुंची। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआइ सुरेश पासवान, कांस्टेबल अनिल कुमार साह और कांस्टेबल रमेश यादव शामिल थे। ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी में एएसआइ प्रसेनजीत दास एवं कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय भी मौजूद रहे।
बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण झारखंड से बिहार शराब पहुंचाने के लिए तस्कर सड़क और रेलमार्ग का इस्तेमाल करते रहे हैं। तस्करी के लिए वाहनों और ट्रेनों में गुप्त तहखाने बनाने जैसे तरीके भी सामने आ रहे हैं। हाल ही में बिहार जा रही एक एसी बस में भी इसी तरह का गुप्त तहखाना मिलने के बाद भारी मात्रा में शराब बरामद की गई थी।