पाकुड़ (संवाददाता):
हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के खिलाफ पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 120 ग्राम गांजा एवं एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीपुर निवासी भोला साहा के घर में अवैध रूप से मादक पदार्थ की बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया।
गठित टीम ने दंडाधिकारी की उपस्थिति में रानीपुर गांव स्थित भोला साहा के घर छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर एक व्यक्ति भोला साहा (पिता- स्व. रामप्रसाद साहा, निवासी रानीपुर, थाना- हिरणपुर) को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके घर से 120 ग्राम गांजा एवं एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की गई। इस संबंध में हिरणपुर थाना कांड संख्या 51/2026, दिनांक 31.07.2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(A)/22(A) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी मदन भगत की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कुमार गौरव, थाना प्रभारी विनय कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।