कोटालपोखर/बरहेट, संवाददाता। सावन महीने की शुरुआत के साथ ही झारखंड के साहिबगंज जिले स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में गुरुवार को माहव्यापी राजकीय श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन और शिवगादी प्रबंध समिति की ओर से आयोजित उद्घाटन समारोह वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अतिथियों ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
डीसी, एसपी और जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
मुख्य समारोह में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा, झामुमो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी, सांसद प्रतिनिधि संजीव समू हेंब्रम तथा प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने संयुक्त रूप से मेले का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों ने प्राकृतिक गुफा में स्थित पीतांबरी शिवलिंग पर जलार्पण कर पूजा-अर्चना की और जिले व राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
अतिथियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शिवगादी प्रबंध समिति द्वारा सभी अतिथियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे परिसर में आस्था और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईंद, बीडीओ अंशु कुमार पांडे और थाना प्रभारी चंदन कुमार लगातार मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड के साथ-साथ बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालु जिले के अतिथि हैं, जिनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेला परिसर, मंदिर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना लागू की गई है।
इसके अलावा जेबकतरों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
शिवगादी में जल्द मिलेगा रोपवे का तोहफा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पंकज मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में साहिबगंज जिले के विकास पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिवगादी पहाड़ पर रोपवे निर्माण की योजना पर कार्य जारी है और सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पूर्वी भारत की प्रमुख आस्था स्थली
बाबा गाजेश्वरनाथ धाम पूर्वी भारत की प्रमुख आस्था स्थली है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। प्राकृतिक गुफा में स्थापित शिवलिंग और यहां का धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। इस वर्ष श्रावणी मेले को पहले से अधिक व्यवस्थित और भव्य स्वरूप दिया गया है, ताकि श्रद्धालु यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।