तेनुघाट — कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, तेनुघाट में गुरुवार को ओएनजीसी के सहयोग से प्री-इंडिपेंडेंस डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडब्लूडी समीर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर छात्राओं के बीच देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य एवं क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समीर कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ओएनजीसी के संजय कुमार, उमा कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।