लातेहार: जिला परिषद, लातेहार का अपना नया कार्यालय भवन जल्द आकार लेगा। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय के समीप प्रस्तावित भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस कार्यक्रम में लातेहार विधायक प्रकाश राम, मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह, उपायुक्त संदीप कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने नए भवन को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण विकास के लिए अहम बताया। मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह ने कहा कि नए कार्यालय से पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन जिला परिषद की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तय समय में पूरा कराया जाएगा।
जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि नए भवन के बनने से पंचायतों से जुड़े कार्यों के संचालन में सहूलियत होगी और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने जिला परिषद की आय में हुई बढ़ोतरी की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 में परिषद के अधीन दुकानों से ₹2.44 करोड़ से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक विभिन्न स्रोतों से करीब ₹98.05 लाख तथा बालूमाथ और महुआडांड़ की दुकानों से ₹33.33 लाख से अधिक की आय हो चुकी है। उन्होंने बताया कि ई-ऑक्शन व्यवस्था लागू होने के बाद राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि नेतरहाट स्थित पलामू डाक बंगला और महुआडांड़ के मॉडल डाक बंगला में सोलर रूफटॉप लगाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा बेतला, मनिका और चंदवा में नए डाक बंगलों के निर्माण का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिता देवी, कार्यपालक पदाधिकारी अजय कच्छप, नगर प्रशासक राजीव रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।