तेनुघाट। बेरमो अनुमंडल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 43 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों को शनिवार को उनके वास्तविक धारकों के बीच वितरण किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंदर कुमार सिंह की अध्यक्षता में तेनुघाट स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि बेरमो अनुमंडल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल गुम होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने CEIR पोर्टल का उपयोग कर विशेष अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत कुल 43 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों का सत्यापन कर उन्हें तेनुघाट स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय परिसर में उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की।
थानावार बरामद मोबाइल का विवरण:
जरीडीह थाना – 13, कसमार थाना – 04, पेटरवार थाना – 02, बोकारो थर्मल थाना – 01, महुआटांड़ थाना – 03, गोमिया थाना – 05, चतरोचट्टी थाना – 02, आईईओएल थाना – 02, चन्द्रपुरा थाना – 04, दुग्दा थाना – 02, पेंक नारायणपुर थाना – 02, नावाडीह थाना – 03।
कुल – 43 मोबाइल।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत संबंधित थाना को सूचना दें और CEIR पोर्टल पर विवरण दर्ज करें। इससे खोए मोबाइल की ट्रैकिंग संभव हो पाती है और उपयोगकर्ता की पहचान होने पर संबंधित व्यक्ति एवं थाना को सूचित किया जाता है।
इस अवसर पर अनुमंडल के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।