कोटालपोखर संवाददाता। बरहेट थाना क्षेत्र के रक्सी गांव में शुक्रवार देर रात एक बंद घर में सेंधमारी कर चोरी और आगजनी की घटना सामने आई है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रक्सी गांव निवासी लक्ष्मण पंडित एक प्रवासी मजदूर हैं और काम के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। उनकी पत्नी बिशाखा देवी घर में ताला बंद कर अपने परिवार के साथ मायके धनजोड़ी गई हुई थीं। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलते ही बिशाखा देवी घर पहुंचीं तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने घर में रखे जरूरी दस्तावेज—आधार कार्ड, बैंक खाता से जुड़े कागजात, जमीन का पर्चा और रसीद आदि को एक जगह इकट्ठा कर आग लगा दी थी। हालांकि आग अन्य सामान तक नहीं फैल सकी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़िता के अनुसार, बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, लगभग 30 भरी चांदी के जेवरात और करीब 40 हजार रुपये के सोने के आभूषण चोर ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।