कोटालपोखर संवाददाता | पाकुड़
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में तंबाकू बरामद कर चालक को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क स्थित सिद्धू-कान्हू मुर्मू पार्क के पास की गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक भागने लगा, लेकिन युवक ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा कर वाहन को रुकवा लिया और तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में बड़े-बड़े बोरे लदे मिले। चालक ने पूछताछ में बताया कि बोरों में खैनी (तंबाकू) भरी हुई है। इसके बाद पुलिस वाहन और चालक दोनों को थाना ले आई। नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने मामले की जानकारी मिलने पर वाहन के दस्तावेजों की जांच कराई, जिसमें पता चला कि तंबाकू की खेप पश्चिम बंगाल के शमशेरगंज थाना क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे महेशपुर ले जाया जा रहा था।
मामले की सूचना पर एसडीपीओ कुमार गौरव भी नगर थाना पहुंचे और चालक से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन में तंबाकू लदा होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, दंडाधिकारी की मौजूदगी में वाहन की विस्तृत तलाशी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पश्चिम बंगाल से लाई जा रही इतनी बड़ी तंबाकू की खेप का उद्देश्य क्या था। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।