घाघरा (गुमला)। रथ पूजा के पावन अवसर पर घाघरा प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार शाम लगभग 5 बजे भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
रथ यात्रा चांदनी चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई। रथ पर भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलराम विराजमान थे। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा चांदनी चौक से विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए थाना चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर (मौसी बाड़ी) पहुंची। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ की रस्सियां खींचीं और भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि व क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या इस धार्मिक आयोजन में शामिल रही।
मौसी बाड़ी पहुंचने के बाद भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलराम की विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
रथ यात्रा को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मेले जैसा माहौल भी देखने को मिला। मिठाइयों और खिलौनों की दुकानें सजी थीं, जहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। बच्चों के मनोरंजन के लिए बूगी-वूगी, चित्रहार और हाई जंप जैसे आकर्षण भी लगाए गए थे।
कुल मिलाकर रथ यात्रा ने पूरे घाघरा प्रखंड मुख्यालय को धार्मिक उल्लास और भक्ति में सराबोर कर दिया।