पाकुड़ संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जानकीनगर स्थित पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम के आवास पर बुधवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की। यह कार्रवाई जमीन विवाद से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि यह विवाद पड़ोस की जमीन को लेकर है, जिस पर अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा धारा 144 लागू की गई थी। इसके बावजूद मंगलवार को उस जमीन पर मजदूर लगाकर काम कराया जा रहा था, जिसकी शिकायत जमीन मालिक ने थाने में की थी।
शिकायत के बाद मंगलवार शाम पुलिस जांच के लिए पहुंची थी, जहां पूर्व प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगा। इसकी सूचना थाना प्रभारी गौरव कुमार ने वरीय अधिकारियों को दी।
बुधवार सुबह जिले के तीन थानों की पुलिस टीम अजहर इस्लाम के आवास पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जबकि घर का मुख्य दरवाजा बंद रहा और पुलिस घंटों डटी रही।
इसी बीच श्रम विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बगीचे में काम कर रहे दो नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौके से अजहर इस्लाम और उनके समर्थक गायब पाए गए।