पाकुड़ संवाददाता
समाचार:
पाकुड़। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर श्री सत्य साईं सेवा समिति, छोटी अलीगंज, पाकुड़ द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए निःशुल्क शीतल जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। सेवा शिविर में रथ यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं को शीतल जल पिलाकर मानव सेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिद्धू-कान्हू मोड़, पाकुड़ के समीप सेवा शिविर लगाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री सत्य साईं बाबा के समक्ष ॐकार, गायत्री मंत्र एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण भाव से श्रद्धालुओं की सेवा की।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने कहा कि “मानव सेवा ही माधव सेवा है” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए संस्था वर्षों से समाजसेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। रथ यात्रा के दौरान शीतल जल सेवा का उद्देश्य भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाना और सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में रवि ठाकुर (कन्वीनर), उत्तम कुमार दास सोरेन (पूर्व कन्वीनर), पवित्र दास, दुलाल घोष, नवो चंद्र साधु, रिकी कुमार, कोयल झा, सोमा झा, आशा देवी, अजीत राय, निशा कुमारी, आरती कुमारी, अपूर्व कर्मकार, बाल विकास के बच्चों, बाल विकास एल्युमिनाई एवं साईं भक्तों ने सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम में श्री सत्य साईं सेवा संगठन, पाकुड़ के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं राज्य मेडिकल कोऑर्डिनेटर डॉ. देवकांत ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा का सबसे बड़ा धर्म निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करना है और यही भगवान की सच्ची आराधना है।
“लव ऑल, सर्वे ऑल” तथा “मानव सेवा ही माधव सेवा है” के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए राहत और समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बना।