सतबरवा (पलामू) पांकी विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता के आश्वासन से किसानों में खुशी की लहर है। सतबरवा प्रखंड अंतर्गत महत्वपूर्ण मलय डैम का चैन गेट संख्या 18 टूट जाने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति बाधित हो रही थी, जिससे फसलों पर संकट उत्पन्न हो गया था।
इस समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में ब्रह्म स्थान किसान महापंचायत संघर्ष समिति (सतबरवा, सदर मेदिनीनगर, लेस्लीगंज) के किसानों ने बैठक कर मुद्दा उठाया। इसके बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और बताया कि फिलहाल 4 फीट के दो लेयर पाइप जिंदल कंपनी के पाइप के माध्यम से पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि आगे स्थायी समाधान भी जल्द किया जाएगा।
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि डैम मरम्मत को लेकर टेंडर जारी होने की बात गलत है और कुछ लोग किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। वहीं, किसानों ने सिंचाई विभाग सहित अन्य अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाया।
मौके पर सतीश सिंह चेरो, रंग बहादुर सिंह, सांसद प्रतिनिधि चंचल यादव, विजय कुमार, मुकेंद्र प्रसाद, सीताराम सिंह, शंकर सिंह, उदित सिंह, श्यामबिहार सिंह, संजय सिंह, चंद्रदेव राम, राकेश भुईयां, मुनेश्वर ठाकुर सहित सैकड़ों ग्रामीण किसान मौजूद रहे।