सरकारी योजना से लगे सोलर पंप को चोरों ने बनाया निशाना, लगातार हो रही वारदातों से किसानों में डर
पलामू (सतबरवा): अनुज तिवारी,
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंदुरिया गांव में सोलर पंप चोरी की घटना से किसानों में भारी नाराजगी और भय का माहौल है। ताजा मामला बुधवार, 28 मई का है, जब चोरों ने किसान मोहन पासवान के खेत में लगे सोलर पंप सेट को निशाना बनाते हुए उसकी प्लेटें चोरी कर लीं।
पीड़ित किसान मोहन पासवान और अशोक पासवान सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले सरकारी कृषि योजना के तहत उनके खेतों में सिंचाई के लिए सोलर पंप लगाए गए थे। इन पंपों से आसपास के कई किसानों को सिंचाई सुविधा मिल रही थी, जिससे खेती आसान हो गई थी।
किसानों के अनुसार, बीती रात चोरों ने खेत में लगे सोलर पंप की प्लेटें चोरी कर लीं, जिससे सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि लहलहे पंचायत सहित आसपास के गांवों में लगातार सोलर पंप चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
लगातार हो रही इन वारदातों से परेशान किसानों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस संबंध में सतबरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी, ताकि चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।