लातेहार जिले के केन्द्रीय विद्यालय से ग्राम सेमरी तक बन रही कालीकरण सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण कार्य लगभग डेढ़ वर्ष पहले शुरू किया गया था। प्रारंभिक कार्य जैसे फ्लैंक निर्माण एवं डामरीकरण का कुछ हिस्सा किया गया, लेकिन उसके बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है। अधूरी सड़क के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
इस मार्ग से स्कूली छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है, जिन्हें उभरे हुए पत्थरों, धूल और खराब रास्ते के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह सड़क और भी परेशानी का कारण बनी हुई है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त, लातेहार को आवेदन देकर मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग एवं ठेकेदार को निर्देशित कर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।
इस आवेदन पर चंदन कुमार, रंजन प्रसाद, उमेश यादव, नागेंद्र कुमार, अनिता देवी, शबाना प्रवीन, मो. आलम अंसारी, रोहित कुमार, सगुन सिंह, रानी गुप्ता सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई है।