लातेहार जिले के गारू थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला गारू थाना कांड संख्या 07/2026, दिनांक 21 अप्रैल 2026 से संबंधित है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को ग्राम लाई निवासी तेतरा उरांव (62 वर्ष) की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों—संतोष उरांव (34 वर्ष) और प्रेम उरांव (45 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि तेतरा उरांव पर डायन होने का शक था, जिसके कारण उनके परिवार के दो सदस्यों की मृत्यु हो चुकी थी। इसके अलावा मृतक के साथ जमीन विवाद भी चल रहा था। इन कारणों से दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
20 अप्रैल की रात आरोपियों ने पहले तेतरा उरांव को शराब पिलाई और नशे की हालत में नायलॉन की रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पीले रंग की प्लास्टिक रस्सी और एक जोड़ी चप्पल बरामद की गई है। इस कार्रवाई में गारू थाना के पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।