प्रशान्त कुमार सिन्हा,
गोमिया थाना क्षेत्र के धुर्वा मोड़ स्थित एक किराए के मकान के पीछे बुधवार को पेंटर मोइनुद्दीन उर्फ गंदौरी (58) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक हजारीबाग जिले के दारू थाना अंतर्गत पिपचो गांव का निवासी था और वर्षों से गोमिया में रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था।
कैसे मिला शव
बुधवार सुबह जब मकान से कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोग पीछे के रास्ते से अंदर गए। वहां उन्होंने देखा कि मोइनुद्दीन का शव मकान के पिछवाड़े एक टूटी कुर्सी पर बैठी अवस्था में पड़ा था। उसके सिर और कान पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी एक लकड़ी बरामद की है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों और मकान मालिक से पूछताछ कर रही है।
घटना के समय एसआई मनोज कुमार, अरुण कुमार, अभिषेक किशोर सहित अन्य पुलिसकर्मी और कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडे उर्फ टिल्लू पांडेय भी मौजूद थे।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।