संवाददाता प्रेम कुमार साहू
घाघरा/गुमला:- घाघरा अंतर्गत आदर पंचायत के सलगी अंबा टोली गांव में नदी पर बन रहे पुल के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्य को रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा लगभग 5 फीट चौड़ा और 5 फीट ऊंचाई का छोटा पुल बनाया जा रहा है, जबकि इस स्थान पर कई नदियों का पानी एकत्र होकर बाढ़ आती है। ऐसे में यह पुल बाढ़ के समय आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं होगा।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल हरडूबा, पीड़ा पत्थर, सलगी और सेरेंगदाग समेत करीब 4–5 गांवों को जोड़ने वाला मार्ग है। पूर्व में पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में मरीजों को खटिया में उठाकर पहाड़ पार कर एंबुलेंस तक ले जाना पड़ता था। स्कूली बच्चों को भी घंटों बाढ़ उतरने का इंतजार करना पड़ता था।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह छोटा पुल बना तो पुल बनने के बाद भी समस्याएं बनी रहेंगी।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चल रहे इस कार्य में मजदूरों से निर्धारित दर से कम मजदूरी पर जबरन काम कराया जा रहा है, जो नियमों का उल्लंघन है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त महोदया और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए, पुल का निर्माण तकनीकी मानकों के अनुसार बड़ा और सुरक्षित कराया जाए तथा मजदूरों को नियमानुसार पूरी मजदूरी दिलाई जाए।मौके पर कई ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।