चालक व मरीज बाल-बाल बचे, स्थानीय लोगों ने की मदद
बरहरवा।
राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत गुनीहारी पंचायत के मंडई गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। राजमहल अनुमंडल अस्पताल से मरीज को लेकर भागलपुर जा रही एंबुलेंस को विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर अत्यधिक तेज गति में था और ओवरलोड होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे सामने से आ रही एंबुलेंस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि गनीमत रही कि एंबुलेंस चालक और उसमें सवार मरीज को कोई गंभीर चोट नहीं आई और दोनों सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए आगे आए और एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था कर मरीज को भागलपुर भेजा गया।
घटना की सूचना थाना पुलिस को दे दी गई है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों का चलन लगातार बढ़ रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।