बरहड़वा।मालदा रेल मंडल अंतर्गत बरहरवा रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर शाम आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत तीन नाबालिग लड़कों को संरक्षण में लिया। यह कार्रवाई गश्ती के दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में की गई।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बुकिंग कार्यालय के पास तीन नाबालिग लड़के संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। पूछताछ में एक नाबालिग ने अपना पता लिट्टीपाड़ा, जबकि दो ने पाकुड़ जिला बताया।
नाबालिगों ने बताया कि वे आपस में परिचित हैं और गांव के कुछ अन्य लड़कों के साथ बिना माता-पिता को जानकारी दिए फतुहा (बिहार) स्थित एक बिस्किट कंपनी में काम करने जा रहे थे।
आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों के परिजनों को सूचना दी तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों नाबालिगों को बाल संरक्षण संस्था ‘मंथन’ की प्रतिनिधि अंशु मालाकार को सौंप दिया।
मौके पर आरपीएफ उप निरीक्षक विनय टुडू, कांस्टेबल अमरेश कुमार, अनिल साह सहित अन्य आरपीएफ कर्मी उपस्थित थे।