मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो हुए शामिल, शिक्षा को बताया समाज विकास की आधारशिला
गोमिया।शनिवार को झारखंड सरकार के मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग योगेंद्र प्रसाद महतो गोमिया प्रखंड अंतर्गत कर्री पंचायत के कजरकिलो स्थित मासी-मार्शल स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों द्वारा मंत्री का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री श्री महतो द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
मौके पर अपने संबोधन में मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। बच्चों में अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समावेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के वार्षिक समारोह बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का भी कार्य करते हैं।
मंत्री ने विद्यालय परिवार को बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की शुभकामनाएं दीं तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।