गोमिया। बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह सोमवार को साडम स्थित पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के आवास पहुंचे और उनसे औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान विधायक अनूप सिंह ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि माधव लाल सिंह उनके लिए पिता समान और प्रेरणास्रोत हैं।
विधायक ने बताया कि माधव लाल सिंह जैसे सरल, सादगीपूर्ण और स्वच्छ चरित्र वाले व्यक्तित्व बिरले ही धरती पर जन्म लेते हैं। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन पर कभी किसी प्रकार का कोई आरोप न लगना, स्वयं में उनके उच्च नैतिक मूल्यों का प्रमाण है और यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
अनूप सिंह ने कहा कि माधव बाबू को वह अपना गार्जियन मानते हैं और समय-समय पर उनसे मार्गदर्शन मिलता रहता है। उनका आशीर्वाद उन्हें सदैव ऊर्जा और प्रोत्साहन देता है।
पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह संयुक्त बिहार एवं झारखंड में मंत्री पद का दायित्व निभा चुके हैं तथा अपने विधायक कार्यकाल में वे उत्कृष्ट विधायक सम्मान से भी सुशोभित हो चुके हैं।