बरहरवा (राजमहल प्रखंड)। सरकंडा स्थित प्रस्तावित योगीचक जयरामपुर उच्च विद्यालय में सोमवार को मैट्रिक परीक्षा 2025 में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के सम्मान में प्रतिभा सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भूवैज्ञानिक एवं मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य और मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैट्रिक की परीक्षा छात्र जीवन की पहली सीढ़ी होती है, जो भविष्य की दिशा तय करती है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी अभी से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें तो सफलता निश्चित है। कम अंक लाने वाले छात्रों को हतोत्साहित नहीं होकर अगली कक्षा में बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल से दूर रहने और उसका उपयोग सिर्फ पढ़ाई के लिए करने की सलाह दी। मोबाइल का गलत उपयोग समय की बर्बादी के साथ-साथ नुकसानदायक भी सिद्ध हो सकता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार चौरसिया ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय से कुल 233 छात्र-छात्राओं ने मैट्रिक परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 209 प्रथम और 24 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। कुल 468 अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बने सुदीप कर्मकार और आलोक कर्मकार (दोनों ममेरा भाई) को विद्यालय टॉप के साथ जिला टॉप-10 में भी स्थान मिला। स्कूल टॉप-10 में स्थान प्राप्त सभी विद्यार्थियों को मेडल और कप देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उउवि मसकलैया के प्रधानाध्यापक सुमित प्रकाश, उउवि सरकंडा के प्रधानाध्यापक हिमांशु झा, अभिभावक हरिदास मंडल, असलम अंसारी, मधु कुमारी, वीना देवी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।