कोटालपोखर संवाददाता। सृजन सुरभि साहित्य मंच, बरहरवा के बैनर तले वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार, 8 अगस्त को कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से लोलो पैलेस, बरहरवा के प्रांगण में होगा।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक ने बताया कि बरहरवा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। मां विंध्यवासिनी की पावन भूमि बरहरवा में होने वाले इस कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। सृजन सुरभि साहित्य मंच के स्वयंसेवक कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरहरवा नगर पंचायत के पूर्व नगर अध्यक्ष श्यामल दास एवं भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कुसुमाकर तिवारी शामिल होंगे। वहीं मनोज बोहरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार कवि सम्मेलन में विभिन्न स्थानों से कवि और साहित्यकार शामिल होंगे। कार्यक्रम में देशभक्ति, साहित्य और संस्कृति से जुड़े रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं को मनोरंजन के साथ साहित्यिक अनुभूति भी कराई जाएगी।