लातेहार:लातेहार के मेन रोड पर गुरुवार को गारू प्रखंड के कबरी गांव के ग्राम प्रधान राजेंद्र उरांव का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कुछ लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे कब्जे में लिया। बाद में मृतक की पहचान राजेंद्र उरांव के रूप में हुई, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई।
मौत के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक को नशे की हालत में देखा गया था और संभव है कि गिरने या चोट लगने से उनकी मौत हुई हो। वहीं परिजनों के अनुसार, वह बुधवार को ही घर से निकले थे।
इस मामले में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।