रांची में शुक्रवार को दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस ड्यूटी मीट–2026 के सफल समापन के बाद नवीन पुलिस केन्द्र में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, मनोज कौशिक ने विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पुलिस बल की व्यावसायिक दक्षता, तकनीकी ज्ञान, अनुसंधान क्षमता और टीम भावना को मजबूती मिलती है।
21 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित इस ड्यूटी मीट में फॉरेंसिक साइंस, मेडिको-लीगल, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, फिंगरप्रिंट, फोटोग्राफी, पुलिस पोर्ट्रेट, कंप्यूटर अवेयरनेस और डॉग स्क्वॉड टेस्ट समेत कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिता के इंडिविजुअल इवेंट में रांची जिला प्रथम और खूंटी जिला द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं टीम इवेंट में रांची जिला ने प्रथम तथा गुमला जिला ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इस मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।