घाघरा (गुमला) | रिपोर्ट: प्रेम कुमार साहू
घाघरा प्रखंड अंतर्गत गुटवा जोकरी पंचायत के जमगई गांव में चार माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर के कारण बाधित बिजली आपूर्ति आखिरकार बहाल होने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। लंबे इंतजार के बाद गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
बताया जाता है कि पिछले चार महीनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप थी। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने घाघरा प्रखंड प्रमुख सविता देवी से शिकायत की थी।
शिकायत मिलने के बाद प्रमुख सविता देवी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से संपर्क किया और पहल की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया।
नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन पूर्व उप प्रमुख कृष्ण लोहार, कांग्रेस महासचिव अरुण कुमार पांडे एवं कांग्रेस शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष महेश अगस्टिन कुजूर द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर पूर्व उप प्रमुख कृष्ण लोहार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ट्रांसफार्मर लगने से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कांग्रेस महासचिव अरुण कुमार पांडे ने कहा कि बिजली आज के समय की सबसे जरूरी जरूरत है। चार माह से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों की समस्या का समाधान होना खुशी की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।
कांग्रेस शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष महेश अगस्टिन कुजूर ने कहा कि बिजली व्यवस्था बेहतर होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई और ग्रामीणों के दैनिक कार्यों में काफी सुविधा होगी। उन्होंने विभाग से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की।
उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।