पाकुड़: शहर में बीते कई दिनों से जल संकट गहराता जा रहा है, जिससे लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। नगर परिषद कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांदपुर स्थित पंप हाउस को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने के कारण शहर में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
बताया गया कि जब तक पंप हाउस को नियमित और निर्बाध बिजली उपलब्ध नहीं कराई जाएगी, तब तक शहर में सुचारु जलापूर्ति संभव नहीं है। वर्तमान स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में पाकुड़ शहर सहित पूरे जिले के लोगों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से शीघ्र हस्तक्षेप करने की मांग की गई है, ताकि चांदपुर पावर हाउस से पंप हाउस तक बिजली आपूर्ति की समस्या दूर की जा सके।
वहीं, नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों से भी इस गंभीर मुद्दे पर जल्द संज्ञान लेने की अपील की गई है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो स्थिति और गंभीर रूप ले सकती है।