स्वांग/गोमिया से संवाददाता | 14 अप्रैल 2026
स्वांग सेलरी साइड क्षेत्र में मजदूरों ने सोमवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। इस मौके पर दर्जनों मजदूरों ने एकजुट होकर अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया और साथ ही अमित कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान मजदूरों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित वक्ताओं ने अंबेडकर के आदर्शों—समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष—को आज भी प्रासंगिक बताते हुए उन्हें समाज के वंचित वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर अमित कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से मजदूरों और आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि स्वांग क्षेत्र के मजदूरों का पार्टी से जुड़ना संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाएगा। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि मजदूरों के अधिकार, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में चंदरदेव चौहान, तिलकेहसू चौहान, परमेश्वर यादव, लखन रविदास, रमेश मांझी समेत कई मजदूरों ने पार्टी की सदस्यता ली। सभी नए सदस्यों का पार्टी पट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
अंत में उपस्थित मजदूरों ने अंबेडकर जयंती के अवसर पर एकजुटता का परिचय देते हुए अपने अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।