reported by Santosh Prasad,
मनिका (लातेहार)।
मनिका प्रखंड क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) गरीब किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के तहत बनाए गए कुओं से न सिर्फ सिंचाई की सुविधा मिली है, बल्कि बंजर भूमि भी अब हरी-भरी खेतों में तब्दील हो रही है।
प्रखंड क्षेत्र के भदई बथान टोला निवासी हरेंदर यादव ने बताया कि उन्होंने मनरेगा योजना के अंतर्गत कुआं स्वीकृत कराया, जिसे पूरी तरह सरकारी खर्च पर खुदवाया गया। इस कार्य में उनका एक भी रुपया खर्च नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस कुएं का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि उनकी लगभग एक एकड़ डिसमिल बंजर भूमि अब उपजाऊ बन चुकी है।
हरेंदर यादव ने बताया कि जिस जमीन पर पहले खेती संभव नहीं थी, आज उसी जमीन पर धान और गेहूं की खेती की जा रही है और अच्छी पैदावार भी मिल रही है। साथ ही कुएं के पानी से आसपास के खेतों में साग-सब्जियों की खेती भी सफलतापूर्वक की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के तहत संचालित यह कुआं क्षेत्र के किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। भदई बथान टोला के कई ग्रामीण इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं और सिंचाई की समस्या से राहत मिली है।
मनरेगा के माध्यम से किए जा रहे ऐसे कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।