संवाददाता
लातेहार : चंदवा प्रखंड के जमीरा पंचायत अंतर्गत महुआ मिलान ग्राम के डूरू विद्यालय से अचानक बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार प्रतिदिन की तरह शनिवार को बच्चे स्कूल गए थे। भोजन करने के बाद बच्चे स्कूल में लगी टंकी के पानी को पीने लगे। पानी पीने के बाद कई बच्चों ने पानी से बदबू आने की शिकायत की।
इसके बाद कई बच्चों को उल्टी होने लगी। स्थिति को देखते हुए स्कूल के शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट हो गई और सभी बच्चों को एंबुलेंस से चंदवा प्रखंड मुख्यालय स्थित अस्पताल लाया गया। बच्चों को अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर तरुणेश जोश लकड़ा ने बीमार बच्चों का इलाज किया। इधर इस संबंध में स्कूल के शिक्षक ने बताया कि टंकी के पानी को पीने के बाद बच्चों ने बताया कि पानी में बदबू आ रही थी।
इसके बाद उन्होंने टंकी को देखा तो उसमें कुछ खास नजर नहीं आया। लेकिन इस बीच कई बच्चे उल्टी करने लगे। इसके बाद तत्काल मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पंचायत के मुखिया सीतमोहन मुंडा अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि शिक्षक ने फोन से घटना की जानकारी उन्हें दी थी।मुखिया ने आरोप लगाया कि टंकी के पानी में किसी शरारती तत्व ने सफेद रंग का कुछ पदार्थ मिला दिया था। जिसके कारण बच्चे बीमार हो गए। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।