रिपोर्ट: पाकुड़ संवाददाता,
पाकुड़। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई और सख्त की जाएगी। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देश
उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को खनिज परिवहन में लगे वाहनों और चालानों की नियमित जांच करने तथा अवैध खनन की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा। प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को खदानों का औचक निरीक्षण करने, कोयला चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और कोयला ढोने वाले सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढंककर परिवहन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
समयबद्ध निष्पादन पर जोर
साथ ही सीपीग्राम और पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन, सभी चेकपोस्टों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा खनन विभाग और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।