पाकुड़ संवाददाता।
जिले के महेशपुर मुख्यालय में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार के सरकारी आवास में करीब 5.5 फीट लंबा ‘स्पेक्टेकल्ड कोबरा’ (भारतीय नाग) घुस आया।
बताया जाता है कि यह खतरनाक सांप मुख्य दरवाजे से घर के अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान SDPO के पालतू कुत्ते ने सांप को देख लिया और लगातार भौंककर परिवार के सभी सदस्यों को खतरे से आगाह किया। कुत्ते की सतर्कता के कारण घर के लोग समय रहते सावधान हो गए और संभावित दुर्घटना टल गई।
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन्यजीव रेस्क्यूअर अशरफुल शेख मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए अत्यधिक जहरीले कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बाद में सांप को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांप काफी बड़ा और अत्यंत विषैला था। यदि वह घर के अंदर घुस जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
रेस्क्यू टीम के सदस्य अशरफुल शेख ने बताया कि ‘स्पेक्टेकल्ड कोबरा’ रात के समय अधिक सक्रिय होता है और शिकार की तलाश में अक्सर रिहायशी इलाकों की ओर आ जाता है।
इस घटना के बाद इलाके में राहत का माहौल है, वहीं SDPO के पालतू कुत्ते की वफादारी और सतर्कता की हर ओर सराहना हो रही है।