तेनुघाट (बोकारो)। झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, अनुमंडल शाखा तेनुघाट के अध्यक्ष इंदेश्वरी चौबे ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित पेंशन मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
पत्र में बताया गया है कि मदन राम (31 अक्टूबर 2023), तुगेश्वर तिवारी, शंभू गोप, रामदुलार रविदास (31 अक्टूबर 2024), प्रभु राम (31 जनवरी 2025) एवं शारदा देवी (28 फरवरी 2026) सेवा निवृत्त हो चुके हैं। नियमानुसार इन सभी को पेंशन देय है, लेकिन अब तक इनका पेंशन निर्धारण नहीं हो सका है, जिसके कारण उन्हें पेंशन का भुगतान नहीं मिल रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है और वे भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।
बताया गया कि ये सभी सेवानिवृत्त कर्मी लगातार अपने पेंशन के भुगतान के लिए विभागीय कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, बावजूद इसके कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
इस संबंध में 23 जून और 4 जुलाई को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तेनुघाट कार्यालय में वार्ता भी हुई थी। वार्ता के आलोक में मांग की गई है कि सभी संबंधित कर्मियों के पेंशन प्रपत्र तैयार कर 31 जुलाई तक महालेखाकार, रांची को भेजा जाए और इसकी सूचना पेंशनर समाज को दी जाए।
पेंशनर समाज ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित तिथि तक पेंशन का निपटारा नहीं किया गया, तो 5 अगस्त को विभाग के खिलाफ घेराव, धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल जैसी आंदोलनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त बोकारो, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो, आरक्षी उपाधीक्षक बेरमो, थाना प्रभारी तेनुघाट तथा अधीक्षण अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता अंचल धनबाद को भी भेजी गई है।