जिले के सभी प्रखंडों व पंचायतों में चलेगा अभियान, अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर
पाकुड़, 2 जुलाई पाकुड़ जिले में ड्राइविंग लाइसेंस (लर्निंग लाइसेंस/नवसिखुआ चालक अनुज्ञप्ति) जारी करने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन, परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना और जिले में सुरक्षित एवं नियमबद्ध यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
अभियान के प्रथम चरण के तहत बुधवार, 1 जुलाई 2026 को सदर प्रखंड मुख्यालय में लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल का लाभ उठाया।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, उप प्रमुख हैदर अहमद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के पहले दिन करीब 60 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया, जिनमें से आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 32 पात्र आवेदकों को उसी दिन लाइसेंस जारी कर दिया गया। शेष आवेदनों का निष्पादन नियमानुसार किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह विशेष शिविर दो दिवसीय है। दूसरे दिन भी इच्छुक नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और पात्र अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी सेवाओं को नागरिकों तक सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।