बरहरवा संवाददाता,
झारखंड के साहिबगंज जिले के मालदा रेल मंडल अंतर्गत बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 174 चोरी के मोबाइल फोन के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइल फोनों की कुल कीमत करीब 58.95 लाख रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस से रांची से भागलपुर जा रही ट्रेन के जनरल कोच में दो व्यक्तियों द्वारा बड़ी संख्या में संदिग्ध मोबाइल फोन ले जाए जाने की गुप्त सूचना आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार को मिली थी।
विशेष जांच अभियान चलाया गया
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम ने गुमानी स्टेशन से बरहरवा रेलवे स्टेशन तक विशेष जांच अभियान चलाया। टीम में सिपाही अनिल कुमार साह, सीपीडीएस टीम के सिपाही विनय कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षी योगेन्द्र मांझी एवं सिपाही नितीश कुमार शामिल थे।
चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान जनरल कोच संख्या ER-104464 में दो संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग के साथ पाए गए। छापामारी दल को देखकर दोनों चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्कता और तत्परता के साथ उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) एवं मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष), दोनों निवासी कालियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई।
दो बैगों से 174 मोबाइल बरामद
बरहरवा स्टेशन पर तलाशी के दौरान दोनों के बैगों से कुल 174 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से 85 मोबाइल फोन नासरुद्दीन शेख और 89 मोबाइल फोन रहमत शेख के कब्जे से मिले।
58.95 लाख रुपये के मोबाइल जब्त
बरामद मोबाइल फोनों का अनुमानित बाजार मूल्य 58,95,878 रुपये आंका गया है। दोनों आरोपी इन मोबाइल फोनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत सभी मोबाइल फोनों को जब्त कर दोनों आरोपियों को रेल थाना बरहरवा को सौंप दिया गया है।
मोबाइल चोरी गिरोह से जुड़े होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह मोबाइल चोरी के किसी बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। विभिन्न क्षेत्रों से मोबाइल चोरी कर उन्हें एक नेटवर्क के माध्यम से बेचा जा रहा था। मामले की गहन जांच जारी है, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा होने की संभावना है।