घाघरा:- थाना क्षेत्र के आदर के समीप गुरुवार को दो टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों में बिशनपुर निवासी रजनी कुमारी, हेलता विशुनपुर निवासी रामवृत असुर, उर्मिला असुर, आकाश कुमार, घाघरा पाकर टोली निवासी मालती देवी, सविता कुमारी, दरदाग ग्राम निवासी फूलमनिया देवी तथा चिंगरी निवासी रविमंती देवी शामिल हैं।
घटना के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल गर्भवती महिला रजनी कुमारी की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक टेंपो में सवार रजनी, रामवृत, आकाश और उर्मिला घाघरा से बिशनपुर जा रहे थे, जबकि दूसरे टेंपो में सविता, मालती, फूलमनिया और रविमंती बिशनपुर से घाघरा की ओर आ रही थीं। इसी दौरान आदर के समीप तेज गति के कारण दोनों टेंपो की सीधी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद बिशनपुर की ओर जा रहे टेंपो का चालक घायलों को मौके पर छोड़कर वाहन सहित फरार हो गया, जबकि दूसरा टेंपो घटनास्थल पर ही पलट गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।