प्रेम कुमार साहू ,
Gumla:-घाघरा प्रखंड क्षेत्र के जग बगीचा झीरगा बांध से जग बगीचा निवासी 45 वर्षीय कुमारी उराइन का शव पुलिस ने बरामद किया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतका के पुत्र ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे उसकी मां नदी में कपड़ा धोने एवं स्नान करने गई थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान चरवाही कर रहे बच्चों ने नदी में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे, जहां शव की पहचान कुमारी उराइन के रूप में की गई। आशंका जताई जा रही है कि तेज धूप के कारण उन्हें चक्कर आ गया होगा, जिससे वह बेहोश होकर पानी में गिर गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर कपड़े धोकर सूखने के लिए रखे मिले।
घटना की सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।