तेनुघाट (गोमिया): झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं। ताजा मामला गोमिया प्रखंड के साड़म पूर्वी पंचायत का है, जहां डीएमएफटी मद से बन रही सड़क में अनियमितता का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार नैनाटांड़ में सुनील यादव के घर से तेनुघाट मुख्य सड़क तक बन रही पीसीसी सड़क में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क की ढलाई की मोटाई कहीं तीन इंच तो कहीं चार इंच ही रखी जा रही है, जबकि निर्धारित मानक के अनुसार यह मोटाई छह इंच होनी चाहिए।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, संबंधित विभाग के अभियंता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके और लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
वहीं, कार्यस्थल पर मौजूद साइट इंचार्ज ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी तरह मानक के अनुरूप ही किया जा रहा है और ग्रामीणों के आरोप निराधार हैं।
इधर, विभाग के कनीय अभियंता ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।