बरहरवा (राजमहल)।
राजमहल थाना क्षेत्र के नौवगछि गांव की एक गर्भवती महिला के प्रसव के दौरान नवजात की मृत्यु हो जाने पर परिजनों ने शनिवार को अनुमंडल अस्पताल, राजमहल में डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा व तोड़फोड़ की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौवगछि निवासी सूरज मंडल की पत्नी सुरेखा कुमारी (21) को बुधवार देर रात करीब 1 बजे प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया था कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और प्रसव में कुछ समय लगेगा।
लगभग दो दिन बाद शनिवार सुबह 8:55 बजे सुरेखा को प्रसव पीड़ा हुई और अस्पताल में ही उसने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए और प्रसव कक्ष के बाहर तोड़फोड़ व हंगामा करने लगे। उन्होंने डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही से प्रसव कराने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि समय रहते यदि मरीज को बाहर रेफर किया गया होता तो नवजात की जान बचाई जा सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही महिला एएसआई करूणा टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया।
क्या बोले अस्पताल प्रभारी?
इस संबंध में अनुमंडल अस्पताल राजमहल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने कहा,
“प्रसव से पूर्व ही गर्भ में ही बच्चे की मृत्यु हो चुकी थी। परिजनों के आरोप बेबुनियाद हैं। हालांकि घटना की जांच की जाएगी, और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल में की गई तोड़फोड़ के मामले में भी कानूनी कदम उठाया जाएगा।”