तालझारी (बरहरवा)। आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर बुधवार को तालझारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राम सुमन प्रसाद ने की।
बैठक में मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर सभी समुदायों से सहयोग की अपील की गई। सीओ सह बीडीओ ने कहा कि मुहर्रम का आयोजन सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाना चाहिए।
राजमहल के पुलिस निरीक्षक श्यामलाल हांसदा ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी वीडियो या संदेश साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है। भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ साइबर सेल कड़ी नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ साइबर सेल भी सतर्क रहेगी।
थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय ने कहा कि मुहर्रम के दौरान जुलूस समयबद्ध तरीके से निकाले जाएं और समय पर संपन्न कराए जाएं। साथ ही पर्व के दिन भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की भी बात कही गई ताकि जुलूस में कोई व्यवधान न उत्पन्न हो।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जोसेफ हेम्ब्रम, सचिव मो. जहांगीर, मो. समसुल हक, बजरंगी महतो, मो. अमीन खान, मोहम्मद तिजारत खान, इकरामुल खान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।