बरहरवा। राजमहल अंचल अंतर्गत पड़रिया पंचायत के मुंडली मिशन स्थित निर्मला होस्टल के समीप बुधवार को प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया। राजमहल अंचलाधिकारी मो. यूसुफ एवं थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन पर बने आधा दर्जन से अधिक अवैध दुकानों को ध्वस्त कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान जिन दुकानों को हटाया गया उनमें नाश्ता, किताब, किराना, मोबाइल एवं अन्य प्रकार की दुकानें शामिल थीं। ये सभी दुकानें सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कच्चे एवं पक्के निर्माण कर संचालित की जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में निर्मला होस्टल की प्रभारी सिस्टर सोमाती किस्कू ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि सरकारी पुल एवं नाले को डस्ट भरकर स्थानीय लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है।
इसके आलोक में राजमहल के अंचलाधिकारी मो. यूसुफ ने बीते माह स्थल का निरीक्षण कर दुकानदारों को स्थल खाली करने का निर्देश दिया था। निर्धारित समय पर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान सीआई हैदर अली, एसआई नारद गहलोत, बाबू सरन मुर्मू, राजस्व कर्मचारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर उपस्थित थे।