लातेहार, 06 जुलाई 2026:
झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति की बैठक सोमवार को लातेहार परिसदन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य सुरेश पासवान ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में विधानसभा में प्राप्त अनागत प्रश्नों के निष्पादन, विभागवार अद्यतन स्थिति तथा लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा से प्राप्त प्रश्नों का समयबद्ध, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्तर सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधानसभा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण करें, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों का पारदर्शी और प्रभावी समाधान हो सके।
बैठक के दौरान विशेष प्रमंडल, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, जल संसाधन, विद्युत, कल्याण, पर्यटन और खनन सहित कई विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से जुड़े अनागत प्रश्नों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करते हुए प्रगति प्रतिवेदन सौंपे।
इस अवसर पर अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सदस्य नमन विक्सल कोनगाड़ी एवं नरेश प्रसाद सिंह, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।