पंकज कुमार यादव,
गारू (लातेहार) : कांग्रेस पार्टी की ओर से सोमवार को गारू प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में संगठन सृजन मंथन सह कार्यकर्ता नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लातेहार विधायक रामचंद्र सिंह एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुंजर उरांव ने संयुक्त रूप से की।
मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी डॉ. अजय नाथ सहदेव उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सहदेव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों से टैक्स वसूलकर पूंजीपतियों को फायदा पहुँचा रही है। जीएसटी के नाम पर आम लोगों का शोषण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति कर समाज को बांट रही है, जबकि कांग्रेस सभी धर्मों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जितने भी वादे किए थे, एक भी पूरा नहीं हुआ। उनकी सरकार सिर्फ जुमलों की सरकार बनकर रह गई है। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार ने महिलाओं और किशोरियों के लिए जो योजनाएं शुरू की थीं, उनका लाभ आज भी लोग उठा रहे हैं। विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है।
उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई हम सब हैं भाई-भाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करें, तभी गारू प्रखंड का सर्वांगीण विकास संभव होगा।
इस मौके पर प्रमुख सीता देवी, उप प्रमुख रामदास यादव, विधायक प्रतिनिधि मनोज यादव, प्रखंड अध्यक्ष सकलदीप उरांव, सुखदेव उरांव, अशोक राम,पवन कुमार, ओमप्रकाश कुमार,अमृतश्वर सिंह सहित कई कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में दर्जनों कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।