
राँची :पूर्व मंत्री कमलेश सिंह शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में असम के सीएम और प्रदेश भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उनका पार्टी में स्वागत किया।मिलन समारोह में कमलेश सिंह के साथ उनके पुत्र सूर्या सिंह और सैकड़ों समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए। कमलेश सिंह पलामू जिले के हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं।
भाजपा की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने कहा कि झारखंड में आज जिस तरह के भय का वातावरण है और बांग्लादेशी घुसपैठियों की वजह से राज्य की पहचान खतरे में है, उसमें जनता भाजपा की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है।भाजपा की अगुवाई में ही राज्य की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। भाजपा एक समुद्र की तरह है, जबकि बाकी पार्टियों की हैसियत तालाब से ज्यादा नहीं है।