साहिबगंज लोक अदालत में 23 मामलों का निष्पादन, 19,600 रुपये पर हुआ समझौता
19,600 रुपये की समझौता राशि पर बनी सहमति, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की
सोनू कुमार की रिपोर्ट,
साहिबगंज। मुकदमों की लंबी प्रक्रिया से राहत दिलाने और विवादों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को साहिबगंज और राजमहल में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। व्यवहार न्यायालय, साहिबगंज तथा अनुमंडलीय न्यायालय, राजमहल में आयोजित इस लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कुल 23 मामलों का निष्पादन किया गया। इस दौरान पक्षकारों के बीच कुल 19,600 रुपये की समझौता राशि पर सहमति बनी।
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकृति के मामलों को समाधान के लिए रखा गया। न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने समन्वय बनाकर पक्षकारों के बीच समझौते का रास्ता तैयार किया। आपसी सहमति से मामलों का निष्पादन होने पर पक्षकारों ने भी संतोष जताया।
न मुकदमे की लंबी तारीख, न कानूनी प्रक्रिया का अतिरिक्त बोझ
लोक अदालत में विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर पक्षकारों को समय, धन और श्रम की बचत का अवसर मिला। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि आपसी सहमति के आधार पर मामलों का त्वरित निस्तारण संभव हुआ। लोक अदालत की सरल और सुलभ प्रक्रिया को पक्षकारों ने आम लोगों के लिए राहतकारी बताया।
समझौता अवार्ड अंतिम, अधिक से अधिक लाभ उठाएं लोग : सचिव
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने आम लोगों से अपील की कि समझौते के योग्य मामलों के समाधान के लिए लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में पारित समझौता अवार्ड अंतिम एवं पक्षकारों पर बाध्यकारी होता है और इसके विरुद्ध सामान्यतः अपील का प्रावधान नहीं है। उन्होंने लोक अदालत को आम लोगों तक सस्ता, सरल और त्वरित न्याय पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।
![]()