स्थानीय समाचार

राजमहल विधायक एम.टी. राजा ने विद्युत संकट को लेकर निदेशक से की मुलाकात

राजमहल विधायक एम.टी. राजा ने विद्युत संकट को लेकर निदेशक से की मुलाकात

बरहरवा: राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एम.टी. राजा ने बुधवार को रांची स्थित झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के निदेशक के.के. वर्मा से मुलाकात कर राजमहल विधानसभा क्षेत्र सहित संपूर्ण जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी विद्युत संकट को लेकर चिंता व्यक्त की।

विधायक ने निदेशक को एक पत्र सौंपते हुए बताया कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली की कटौती की जा रही है। कुछ क्षेत्रों में तो पूरी-पूरी रात बिजली गुल रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सहायक अभियंता से बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि जिले के तीनों ग्रिड में कुल मिलाकर 78 मेगावाट की मांग है, लेकिन आपूर्ति इससे काफी कम हो रही है। विशेष रूप से मंगलहाट ग्रिड में जहां 30 से 35 मेगावाट की आवश्यकता है, वहां मात्र 12 से 15 मेगावाट बिजली दी जा रही है, जिससे संकट और गहराता जा रहा है।

विधायक ने यह भी कहा कि क्षेत्र में विद्युत तारों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। बारिश, आंधी-तूफान के दौरान तारों के टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है और मवेशियों की जान पर भी खतरा बना रहता है। उन्होंने मांग की कि इन तारों की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए।

उन्होंने विश्वास जताया कि निदेशक द्वारा त्वरित कार्रवाई के बाद जल्द ही क्षेत्र की जनता को विद्युत संकट से राहत मिलेगी।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button